खड़गे ने हल्द्वानी रामलीला मैदान के शुद्धिकरण का मामला राज्यसभा में उठाया

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन डेस्क उत्तराखंड 

नैनीताल जिले के हल्द्वानी के रामलीला मैदान में  आठ अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ‘विजय शंखनाद’ रैली के बाद हुए ‘शुद्धिकरण’ के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे पर सोमवार को संसद में भी हंगामा हुआ। दिल्ली राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि रैली के बाद हिंदू संगठनों द्वारा मैदान में कराया गया शुद्धि हवन ‘छुआछूत का कृत्य’ है। उन्होंने मांग की कि इसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। खड़गे ने आरोप लगाया कि इस घटना में भाजपा की भूमिका है। इस पर सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पलटवार किया। नड्डा ने कहा कि भाजपा ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती और घटना की निंदा करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन इस मामले को गंभीरता से लेंगे। “जांच में जो लोग जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” नड्डा ने कांग्रेस से इस मुद्दे का ‘राजनीतिकरण’ न करने की अपील भी की। इधर राज्यसभा के सभापति राधाकृष्णन ने भी बयान देते हुए कहा, “छुआछूत पाप है। हम सभी शुद्ध हैं, हमें शुद्ध करने की कोई जरूरत नहीं है। मामले की जांच कराकर दोषियों को सजा दिलाने पर जोर दिया जा रहा है। बीती 8 अगस्त की रैली के बाद रविवार को हिंदूवादी संगठनों ने रामलीला मैदान में शुद्धि हवन और गंगाजल छिड़काव किया था। आरोप था कि रैली के दौरान मंच से इस्लामिक नारे लगे।