समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड

हल्द्वानी। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्ति, संगीत और नृत्य की मनमोहक छटा से गुरुवार को लिटिल फ्लावर स्कूल का परिसर कृष्णमय हो उठा।

विद्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चाँद लगा दिए। कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत मधुर सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद मंच पर शुरू हुआ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नर्सरी के नन्हे कलाकारों ने बाल कृष्ण की मनमोहक झलक प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। इसके बाद एल.के.जी. और यू.के.जी. के नन्हे-मुन्नों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से खूब तालियाँ बटोरीं। ‘अच्युतम् केशवम्’ की मधुर धुन पर विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुति से मंच पर ऊर्जा और उत्साह भर दिया। वहीं कक्षा 3 से आगे के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य-नाटिका समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। इसमें भगवान श्रीकृष्ण और उनके बालसखा सुदामा के मिलन को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति ने सच्ची मित्रता, प्रेम और समर्पण का सुंदर संदेश दिया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने विभिन्न मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। कान्हा की बाल लीलाओं और कृष्ण भक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियों ने सभी को भावविभोर कर दिया।
समारोह का सबसे विशेष आकर्षण अंत में शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत भव्य रास एवं श्रीकृष्ण की मनमोहक प्रस्तुति रही। शिक्षिकाओं की शानदार प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को उत्सव और भक्ति के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष गूंज उठे। नन्हे कान्हा की मनमोहक छवि, रंगारंग प्रस्तुतियाँ और कृष्ण की लीलाओं ने जन्माष्टमी समारोह को अविस्मरणीय बना दिया।
