हल्द्वानी के इस वार्ड में बने होम स्टे में गलत काम करने का‌ आरोप, महिलाएं सड़क पर उतरीं, हंगामा

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

नैनीताल जिले के हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में बगैर मानकों के होम स्टे का निर्माण करने और इसमें अनैतिक कार्य करने का आरोप लगा दमुवाढूंगा की महिलाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाओं व ग्रामीणों ने नारेबाजी के बाद प्रदर्शन कर होम स्टे की शीघ्र जांच करने की मांग की। इस मामले में पुलिस ने होम स्टे की जांच की और बिना सत्यापन के मिले दो कर्मचारियों के चालान किए गए हैं। शनिवार को वार्ड-36 दमुवाढूंगा की महिलाओं ने होम स्टे का घेराव कर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि सुबह से शाम तक होम स्टे में अनैतिक कार्य किए जाते हैं। जिस कारण वार्ड का माहौल खराब हो रहा है। कहा कि पास में स्कूल है। आरोप है कि संबधित होम स्टे प्राधिकरण के मानकों को ताक में रखकर बनाया गया है। जहां पर इसका निर्माण किया गया है। वह नजूल भूमि है। जबकि यहां के सभी लोग लंबे समय से मालिकाना हक के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने एकजुट होकर कहा कि होम स्टे की उच्च स्तरीय जांच की जाए। साथ ही अनैतिक कार्यों पर अंकुश लगाया जाए। एसओ काठगोदाम विमल मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की है। प्रथमदृष्टया दो कर्मियों के सत्यापन न होने पर चालानी कार्रवाई की गई है। कहा कि होम स्टे के संचालित होने के मानकों की जांच प्रशासन अपने स्तर से करेगा। एसओ ने बताया कि मौके पर अनैतिक संबंधी किसी भी तरह का कार्य करता हुआ नहीं पाया गया। प्रदर्शनकारियों में समाजसेवी मन्नू गोस्वामी, सपना आर्य, पुष्पा देवी, चंद्र कला, ललिता देवी, निशा बिष्ट, संगीता, गीता देवी, नेहा भट्ट, रश्मि, सरस्वती, पूनम, हेमा देवी, लक्ष्मी आदि शामिल थीं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *