रुद्रपुर में युवक की नृशंस हत्या को लेकर आक्रोश, पूर्व विधायक के मनाने पर किया अंतिम संस्कार

समाचार शगुन उत्तराखंड 

रुद्रपुर में रम्पुरा निवासी युवक मलसान की नृशंस हत्या मामले में शनिवार को स्थानीय लोगों का धैर्य टूट गया। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन और रम्पुरा क्षेत्र के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। गुस्से से भरे परिजनों ने शव लेने से भी इंकार कर दिया और वहीं धरने पर बैठ गए। करीब एक घंटे तक तनावपूर्ण हालात बने रहे। बाद में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के हस्तक्षेप और पुलिस अधिकारियों द्वारा शीघ्र खुलासा करने के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। गौरतलब है कि रम्पुरा वार्ड-22 निवासी 45 वर्षीय मलसान का लहूलुहान शव शुक्रवार शाम प्रीत विहार, फाजलपुर महरौला के पास झाड़ियों में मिला था। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के समय बड़ी संख्या में रम्पुरा के लोग पोस्टमार्टम हाउस परिसर में जमा हो गए। परिजनों का आरोप था कि पुलिस हत्यारोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरत रही है। इसी नाराजगी में परिजनों ने अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया और अस्पताल परिसर के बाहर बैठकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं, ऐसे में हत्या मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे कोतवाली में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। वहीं, मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत कराते हुए बताया कि मामले की जांच के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस के अनुसार, कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए मान गए और धरना समाप्त हुआ। इस दौरान मृतक की पत्नी कौशल्या, बेटी सलोनी, राजमणि, दीपक कोली, चेतन प्रकाश, सोनू कोली, अनीता, राजमुनि कोली सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Advertisement

 

IMG-20261108-WA0035.jpg

IMG-20261108-WA0036.jpg

IMG-20261108-WA0034.jpg

IMG-20261108-WA0007.jpg

IMG-20261108-WA0008.jpg

IMG-20261108-WA0009.jpg

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement