समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
हल्द्वानी के ट्रांसपोर्ट नगर में लंबे समय से व्याप्त अव्यवस्थाओं और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर आज प्रशासन ने निर्णायक पहल की। यातायात नगर अनुश्रवण समिति के अध्यक्ष एवं सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी परितोष वर्मा द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर का सघन संयुक्त निरीक्षण किया गया और मौके पर मौजूद खामियों का गंभीरता से संज्ञान लिया गया। निरीक्षण के उपरांत ट्रांसपोर्ट नगर कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें व्यापारियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में हाल के दिनों में ट्रांसपोर्ट नगर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए यातायात नगर के सभी प्रवेश द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को तत्काल दुरुस्त और सक्रिय करने के कड़े निर्देश दिए गए, साथ ही परिसर में अंधेरे के कारण असुरक्षा की स्थिति को देखते हुए खराब पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल बदलने का आदेश भी दिया गया। सुरक्षा में तैनात पीआरडी जवानों को अपनी ड्यूटी में और अधिक सतर्कता व मुस्तैदी बरतने के लिए निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त नगर आयुक्त द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर में स्वच्छता व्यवस्था को नियमित और दुरुस्त बनाए रखने हेतु संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि व्यापारियों और आमजन को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण मिल सके। इस अवसर पर देवभूमि ट्रक ओनर महासंघ अध्यक्ष श्री राकेश जोशी, वरिष्ठ व्यापारी नेता श्री जसपाल सिंह कोहली, महासंघ प्रवक्ता श्री हरजीत सिंह चड्ढा, श्री भास्कर जोशी, श्री हरपाल सिंह बंटी, श्री नीरज नेगी, श्री करन मनराल सहित यातायात नगर कार्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।




