समाचार शगुन उत्तराखंड

रुद्रपुर । प्रजापति ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के नए केंद्र का बुधवार को विधिविधान के साथ भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान ब्रह्माकुमारीज परिवार की ओर से उनका पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। भूमि पूजन के उपरांत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज जैसी आध्यात्मिक संस्थाएं समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में आध्यात्मिकता ही व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मविश्वास और जीवन जीने की सही दिशा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती सामाजिक चुनौतियों और नैतिक मूल्यों के ह्रास के बीच ऐसे केंद्र लोगों को संस्कार, संयम और सेवा का संदेश देने का कार्य करते हैं। नए केंद्र की स्थापना से रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्र के लोगों को राजयोग, आध्यात्मिक शिक्षा तथा सामाजिक सेवा गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने नए केंद्र की स्थापना के लिए ब्रह्माकुमारीज परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केंद्र समाज में भाईचारे, सद्भाव और आध्यात्मिक जागरूकता का सशक्त माध्यम बनेगा। कार्यक्रम में मुख्य प्रशासिका वीके मीनू बहन ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्था का उद्देश्य आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना और विश्व में शांति, प्रेम तथा मानवीय मूल्यों की स्थापना करना है। उन्होंने कहा कि नए केंद्र के माध्यम से राजयोग मेडिटेशन, आध्यात्मिक प्रवचन, नैतिक शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे। इस अवसर पर वीके शशि बहन, वीके प्रज्ञा बहन, वीके तन्नू बहन, वीके ललतेश, विमलेश, रामबेटी, बीके अमीषा, सुरेंद्र, बीके तिलक, बीके तुषार सहित बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज परिवार के सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।



