उत्तराखंड में यहां खाई में गिरा बारातियों का वाहन, तीन की मौत

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन डेस्क 

उत्तराखंड के कोटद्वार में बीती शुक्रवार शाम को हुए दर्दनाक हादसे के चलते शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। जानकारी के मुताबिक लैंसडौन तहसील क्षेत्र में बरातियों से भरी मैक्स जीप 200 फिट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में चालक समेत कुल 15 लोग सवार थे। प्रशासन से मिली सूचना के अनुसार गुनियाल गांव निवासी रोहित गुसाईं की शुक्रवार को शादी थी। बसड़ा गांव से शाम को दुल्हन की विदाई हुई। इसी दौरान बरातियों से भरी मैक्स जीप सिसल्डी-सिलवाड़ मोटर मार्ग पर नौगांव के पास खाई में जा गिरी। सूचना पर लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य, पुलिस व एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को खाई से निकालने में स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया। हादसे में तीन बराती मुकेश सिंह (35) निवासी गुनियाल, दुल्हे की मौसेरी बहन नूतन (35) व‌ धीरज सिंह (65) निवासी गुनियाल की मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल हैं। उन्हें उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया है। वाहन में सवार दोनों बच्चे सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही लैंसडौन विधायक दिलीप रावत अस्पताल पहुंचे और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। इधर हादसे के बाद वर-वधू पक्ष व‌ रिश्तेदारों में मातम छा गया। हर कोई हादसे से स्तब्ध नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *