हल्द्वानी में यहां डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, अल्मोड़ा का रहने वाला था मृतक

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

हल्द्वानी रामपुर रोड में बुधवार की देर रात पीछे से आए डंपर ने मोटरसाइकिल सवार दोस्तों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाला युवक मूलरूप से अल्मोड़ा का रहने वाला था और हल्द्वानी में रहकर अपने मौसेरे भाई के ट्रैवलिंग व्यापार में लगा था। मृतक सूरज सिंह लटवाल के मौसेरे भाई व नवाबी रोड निवासी सुंदर सिंह ने बताया कि उनका चौहान टूर एंड ट्रैवल्स का काराबोर है, जिसमें 10 बसें संचालित हैं और कुछ बसें केमू में भी चलती है। मूलरूप से लोधिया देवली अल्मोड़ा में रहने वाला सूरज लटवाल (22 वर्ष) पुत्र त्रिलोक सिंह लटवाल पिछले लंबे समय से उसके साथ रहकर कारोबार में हाथ बंटा रहा था। बीती बुधवार को उनकी कुछ बसें टांडा बैरियर के पास रेलवे लाइन पर जलभराव के चलते फंस गई थीं। सूरज और उसका अल्मोड़ा निवासी दोस्त नमन मटेला बसों को देखने गए थे। देर रात लौटते समय रामपुर रोड पर पीछे से आए डंपर ने उनकी मोटर साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में पीछे बैठे सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि मोटर साइकिल चला रहे नमन की हालत गंभीर है। आज गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों के सुपुर्द किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *