कुमाऊं में यहां सेल्फी लेते वक्त महिला फार्मेसिस्ट की खाई में गिरने से मौत 

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 
कुमाऊं के पिथौरागढ़ जिले में मटेला के पास सेल्फी लेते समय महिला खाई में गिर गई। एसडीआरएफ ने शव बरामद कर लिया है। बीते गुरुवार 27 जून को पिथौरागढ़ के मटेला क्षेत्रान्तर्गत पहाड़ी पर खड़े होकर सेल्फी लेना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हो गया। महिला अपने पति के साथ पहाड़ी पर खड़े होकर सेल्फी ले रही थी कि इसी दौरान अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गयी। महिला का पति भी बदहवास हालात में पहाड़ी से नीचे उतर गया लेकिन झाड़ियां अधिक व रास्ता न होने के कारण वह महिला को नही ढूंढ पाया और रास्ता भटक गया।
कुमाऊं में यहां सेल्फी लेते वक्त महिला फार्मेसिस्ट की खाई में गिरने से मौत 
घटना के संबंध में आपदा कंट्रोल रूम, पिथौरागढ़ ने एसडीआरएफ टीम को सूचित किया गया। इस पर एसडीआरएफ टीम अपर उपनिरीक्षक महिपाल सिंह टीम के साथ आवश्यक रेस्क्यू उपकरण लेकर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। बताया गया कि हरिद्वार निवासी सोनल पायल पिथौरागढ़ के अस्पताल में चीफ फार्मासिस्ट के पद पर नियुक्त थी। एसडीआरएफ टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित कार्यवाही करते हुए रोप द्वारा खाई में उतरकर महिला तक पहुंच बनाई। महिला की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी जिसके शव को SDRF टीम द्वारा कड़ी मशक्कत करते हुए स्ट्रेचर द्वारा खाई से बाहर निकालकर जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। साथ ही महिला के पति को भी निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।