हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने राज्य की बीजेपी सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, कहा-कांग्रेस विधायकों से हो रहा भेदभाव 

ख़बर शेयर करें
समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 
हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने आज गुरुवार 27 जून को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए रुड़की में मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जिस प्रकार हल्द्वानी बनभूलपुरा क्षेत्र से 2 बच्चियों के लापता होने पर भाजपा के लोगों ने धरना प्रदर्शन किया। उसी प्रकार इस मामले में भी उन्हें प्रदर्शन करना चाहिए परंतु वे शांत बैठे हैं क्योंकि दुष्कर्म करने वाला उनकी पार्टी का ही कार्यकर्ता है। इससे भाजपा का असली चाल, चरित्र और चेहरा साफ़ दिखता है।‌ भाजपा का काम केवल धार्मिक उन्माद‌‌ फैलाना है। विधायक ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार के ऊपर कई आरोप लगाए हैं। पर्यटन सीजन के दौरान यात्रियों को जाम का सामना करना पड़ा। जिसका असर नैनीताल, भीमताल, भवाली समेत उसके आसपास के क्षेत्र के लोगों को भी झेलना पड़ा लेकिन प्रशासन के पास जाम से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं है। गर्मी में लगातार बिजली कटौती हुई, जिससे पेयजल की समस्या बनी रही लेकिन कोई भी प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। आने वाला सीजन मानसून का है। इसमें रकसिया नाले के शुरुआती हेड में कोई भी काम नहीं किया गया है। सिर्फ कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में रकसिया नाले के आउट फाल को बनाया जा रहा है। इस मामले में भी पूरी तरह से पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। क्योंकि कालाढूंगी में भाजपा के विधायक हैं और हल्द्वानी में कांग्रेस का विधायक है। जिसके चलते यहां काम नहीं हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी विधानसभा में 10 करोड़ के पीडब्ल्यूडी के प्रस्ताव थे। इस पर सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि उत्तराखंड में दो विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। कांग्रेस मंगलौर और बद्रीनाथ विधानसभा उपचुनाव जीतेगी और कांग्रेस के 20 विधायक सदन में पुरजोर तरीके से सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएंगे। इसके साथ ही पेपर लीक मामले में भी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि भाजपा होनहार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है इनका बच्चों के भविष्य से कोई लेना देना नहीं है। विधायक हृदयेश व समस्त कांग्रेसजनों ने राहुल गांधी के नेता प्रतिपक्ष बनने पर मिष्ठान वितरण कर कहा कि अब राहुल गांधी युवाओं के रोजगार का मुद्दा हो, संविधान की बात हो, महंगाई की बात हो या फिर भ्रष्टाचार की बात हो। सारी बातों को सदन में पुरजोर तरीके से उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *