जानवर से टकराई बाइक, छात्र की मौत, डंपर ने स्कूटी सवार महिला को कुचला

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन उत्तराखंड 

कुमाऊं में अलग-अलग सड़क हादसों में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। वह पति के साथ जा रही थी। जानकारी के अनुसार ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा बाइपास पर लावारिस जानवर से टकराने से मौत हो गई। दोनों दुखद घटनाओं के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर निवासी अमन गंगवार (21) पुत्र राजीव बीते सोमवार की शाम अपने दोस्त ट्रांजिट कैंप निवासी शुभम के साथ बाइक से पूर्णागिरी धाम, टनकपुर के लिए निकला था। रात करीब साढ़े 10 खटीमा बाइपास के पास उनकी बाइक के आगे एक जानवर आ गया। इससे दोनों घायल हो गए। घायलों को खटीमा उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने अमन को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि अमन अपने माता-पिता का एकलौता पुत्र था। वह हल्द्वानी एमबी डिग्री कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। सोमवार को परीक्षा देने के बाद देर शाम को वह अपने दोस्त के साथ पूर्णागिरी धाम के लिए निकला था। उसके माता-पिता सिडकुल की कंपनी में नौकरी करते हैं। मृतक का परिवार मूलरूप से बीसलपुर, यूपी का रहने वाला है, वह रुद्रपुर में किराए के मकान में रहते हैं। वहीं मंगलवार सुबह आलावृदि निवासी मोहन चंद स्कूटी में सवार होकर पत्नी देवकी देवी (58) के साथ सैलानीगोठ, टनकपुर जा रहे थे। तभी नौगवांनाथ के पास सामने से आए तेज रफ्तार मिट्टी से लदे डंपर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे सड़क पर गिरी महिला को डंपर ने कुचल दिया और घिसटते हुए कुछ दूरी तक ले गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर भीड़भाड़ एकत्र हो गई। खटीमा कोतवाली पुलिस के मुताबिक मौके पर पहुंचकर डंपर को कब्जे में लेकर पुलिस चौकी में खड़ा कर दिया गया है। घायल मोहन चंद को खटीमा उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल  हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि मृतका के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। दोनों का विवाह हो चुका है। उनके पति निजी नौकरी से रिटायर्ड हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *