समाचार शगुन श उत्तराखंड
नैनीताल जिले के कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर टेंपो ट्रैवलर के पलटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। 12 नवंबर बृहस्पतिवार को घटगढ़ मंगोली के पास एक बार फिर पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। वाहन में गुजरात के 12 पर्यटक सवार थे। गनीमत रही कि सभी यात्रियों की जान बच गई और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे में यात्रियों को मामूली खरोंचें आई हैं। जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:20 बजे पुलिस को टेंपो ट्रैवलर पलटने की सूचना मिली। सूचना पर कोतवाली कालाढूंगी से 112 वाहन पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। मौके पर वाहन संख्या HR 56 C 1444 सड़क पर पलटा हुआ मिला। इस दौरान वाहन चालक आशीष वर्मा निवासी ग्राम डबरी, थाना बिरनी, बिहार ने बताया कि टेंपो ट्रैवलर में गुजरात के 12 पर्यटक सवार थे, जो नैनीताल से रामनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घटगढ़ मंगोली के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात रही कि सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। पुलिस के अनुसार वाहन में गुजरात के अहमदाबाद निवासी सन्नी राजकुमार, कसीस, तमन थारवानी, युवराज, राजकुमार, परमानन्द, भावना, विजय, प्रीत, समायरा, मायरा उर्सवानी, व आरती उर्सवानी थे। सभी को मामूली चोटें आई हैं।











