समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड

हल्द्वानी। दून कॉन्वेंट स्कूल, हल्द्वानी के लिए गौरव का क्षण है। विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा ताज़ीम फातिमा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए *1M1B चेंजमेकर्स वर्ल्ड कप 2026 के टॉप-50 चेंजमेकर्स* में अपना स्थान बनाया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्णा जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि ताज़ीम ने *“वियर इट अगेन”* स्थिरता अभियान के तहत *“थ्रेड वाइब”* नामक पहल पर कार्य किया। इस पहल में उन्होंने पुराने और अनुपयोगी ऊनी कपड़ों से उत्पन्न होने वाले कपड़ा अपशिष्ट (Textile Waste) की समस्या पर शोध कर, अनुपयोगी ऊन को क्रोशिया और रचनात्मक उत्पादों के रूप में पुनः उपयोग योग्य बनाया। यह कचरे को कम करने और पुनः उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य जोशी ने कहा,“यह दून कॉन्वेंट स्कूल परिवार के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है। ताज़ीम फातिमा की यह उपलब्धि उसकी कड़ी मेहनत, रचनात्मक सोच और सामाजिक सरोकार के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। एक छोटे से विचार से शुरू हुई उसकी यह यात्रा आज अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँची है। हमें विश्वास है कि जिनेवा में वह विद्यालय ही नहीं, बल्कि हल्द्वानी और पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन करेगी। विद्यालय हमेशा ऐसे नवाचारी प्रयासों को प्रोत्साहित करता रहेगा। प्रिंसिपल कृष्णा जोशी ने बताया कि इस पूरी यात्रा में विद्यालय के एटीएल प्रभारी श्री कन्नू दरमवाल ने ताज़ीम का निरंतर मार्गदर्शन किया। ताज़ीम पूर्व में FTC एवं FGC रोबोटिक्स तथा अन्य नवाचार प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। टॉप-50 में चयन के साथ ही ताज़ीम को *19 और 20 नवंबर 2026 को जिनेवा, स्विट्जरलैंड में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित 1M1B इम्पैक्ट समिट* में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, निदेशक मंडल एवं समस्त शिक्षकों ने ताज़ीम को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।।
