समाचार शगुन उत्तराखंड
ऊधमसिंहनगर जिले के नगर पालिका चुनाव के दौरान सोमवार को किच्छा में बवाल हो गया। मंडी समिति में बने स्ट्रांग रूम में मौजूद विधायक तिलकराज बेहड़ और प्रत्याशी के साथ पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की भिड़ंत हो गई। जमकर कहासुनी के दौरान पूर्व विधायक के साथ मौजूद उनके समर्थक ने विधायक बेहड़ पर हाथ छोड़ दिया। उसके बाद जमकर धक्का मुक्की हुई। मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिस ने बीच बचाव कर दिया। घटना के विरोध में विधायक बेहड़ धरने पर बैठ गए। इधर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। पुलिस ने तत्काल राजेश शुक्ला को हिरासत में लेकर सिडकुल चौकी पहुंचाया। वहीं, विधायक बेहड़ को भी हिरासत में लेकर कोतवाली किच्छा में बैठाया गया। देर शाम उन्हें छोड़ दिया गया।




