समाचार शगुन उत्तराखंड
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल रेलकर्मियों के हितों एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति सदैव अग्रसर है। इसी परिप्रेक्ष्य में आज दिवंगत रेल कर्मचारी स्वर्गीय हरिनंद यादव, ट्रैक मेंटेनर की पत्नी राजदेई देवी को एक करोड़ की दुर्घटना बीमा राशि का चेक मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह एवं अन्य शाखा अधिकारी उपस्थित थे। स्वर्गीय हरिनंद यादव का आकस्मिक निधन एक दुर्घटना में हो गया था। उनका वेतन खाता पंजाब नेशनल बैंक में ‘‘रेलवे सैलरी पैकेज‘‘ के अंतर्गत संचालित होता था। इस पैकेज के अंतर्गत उपलब्ध दुर्घटना बीमा सुविधा के तहत उनके आश्रित को यह वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।क्षइस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेलवे प्रशासन अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा कठिन परिस्थितियों में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहता है। इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख, बरेली श्री रंजीत कुमार चौबे सहित बैंक के अन्य अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के पदाधिकारी तथा हित निरीक्षक उपस्थित रहे।



