समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नैनीताल जिले के हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज हत्याकांड से हड़कंप मच गया। वन विभाग में संविदा पर तैनात एक प्लांटेशन वॉचर की उसके ही साथी ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर हमला कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 50 वर्षीय मेवा लाल निवासी कौशाम्बी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह टांडा रेंज में वन विभाग के अंतर्गत संविदा पर प्लांटेशन वॉचर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि देर रात मेवा लाल और उसके साथी तिवारी सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि तिवारी सिंह ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाकर मेवा लाल की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मेवा लाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी जंगल की ओर फरार हो गया। सूचना पर हल्द्वानी कोतवाली और टीपीनगर चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शराब के नशे में हुए आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है।



