समाचार शगुन उत्तराखंड
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह के द्वारा इंटक के प्रदेश संगठन को मजबूत करने, श्रमिकों के हितों की प्रभावी पैरवी करने और संगठन की गतिविधियों को विस्तार देने के उद्देश्य से विपिन कुमार को महानगर रुद्रपुर शहर का अध्यक्ष मनोनीत किया। रुद्रपुर सिटी क्लब हॉल में आयोजित कार्यक्रम में विपिन कुमार को इंटक उधमसिंहनगर के जिला अध्यक्ष जनार्दन सिंह और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के द्वारा सैकड़ों कर्मचारियों की उपस्थिति में मनोनयन पत्र सौंपा गया और गुलदस्ता देकर फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। जिला अध्यक्ष जनार्दन सिंह ने विचार व्यक्त करते हुए कहा इंटक मुख्य रूप से साम्यवाद-विरोधी और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीकों से श्रमिकों के अधिकारों की पैरोकारी करने वाली संस्था रही है। इंटक की स्थापना 3 मई, 1947 को हुई और सरदार वल्लभभाई पटेल इंटक के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत हुए। इंटक उत्तराखंड प्रदेश के श्रमिकों के हकों के रक्षा के लिए प्रदेश सरकार से अपना पक्ष रखकर मांगों का समाधान करने का कार्य कर रही है। विभिन्न संस्थाओं में कार्य कर रहे कार्मिकों की प्रभावी पैरवी करती रही है। उन्होंने आह्वान किया कि इंटक का विस्तार संगठित के साथ असंगठित क्षेत्र जैसे छोटे दुकानदार, रेहड़ी-पटरी वाले, फेरीवाले, निर्माण कार्य (कंस्ट्रक्शन) में लगे दिहाड़ी मजदूर, कृषि में कार्यरत मौसमी मजदूर और छोटे किसान तक किया जाना है और संगठन की सदस्यता अभियान में तेजी लाकर इंटक की नीतियों का प्रचार प्रसार करना है और प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह के हाथों को मजबूती प्रदान करने की अपील की। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बीच घनिष्ठ और पुराना संबंध है। इंटक की स्थापना कांग्रेस के सहयोग और महात्मा गांधी के आशीर्वाद से हुई थी। इंटक कांग्रेस पार्टी का आधिकारिक श्रमिक मोर्चा (फ्रंटल संगठन) माना जाता है। देश की स्वतंत्रता से कुछ महीने पहले श्रमिक आंदोलन को लोकतांत्रिक और गांधीवादी दिशा देने के लिए इंटक की स्थापना हुई थी। पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार बल्लभभाई पटेल और गुलजारीलाल नंदा जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने इसकी नींव रखने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों से संगठित होने व नेतृत्व करने वाले नेताओं पर विश्वास करने की अपील करते हुए मांगों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। इस मौके पर संजय ठुकराल, देवेंद्र शाही, इंटक के जिला महासचिव डॉ महेंद्र शर्मा, टाटा मोटर के पूर्व अध्यक्ष नवीन जोशी, वरिष्ठ कांग्रेसी राजेंद्र मिश्रा, रोहिल चरन, रोशन सिंह, कान्हू चरण, रामनाथ शर्मा, जसविंदर पाल, नीरज शर्मा विनय भदौरिया, देवेंद्र शर्मा, भूपेंद्र कुमार, मनोज नेगी, जगवीर सिंह, जग्गा, सुरेंद्र जाट, गजानन, इंद्र बोरा, यशपाल बिष्ट, भाऊसाहब, आदि उपस्थित थे।

