समाचार शगुन उत्तराखंड
ऊधमसिंहनगर जिले के किच्छा मंडी में 15 दिनों से धान की खरीद न होने से नाराज किसानों ने जाम लगा दिया। बृहस्पतिवार को गुस्साए किसान किच्छा अनाज मंडी पहुंचे और जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में धान लेकर मंडी पहुंचे थे, लेकिन खरीद न होने से मंडी में धान के ढेर लग गये। आरोप है कि सरकार ने खरीद का दावा तो किया, लेकिन सरकारी केंद्रों पर तौल शुरू नहीं हुई। किसान रोजाना मंडी के चक्कर काट रहे हैं। धान खुले में पड़ा होने से खराब होने की कगार पर है। बेमौसम बारिश की आशंका ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। हंगामे की सूचना पर मंडी प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। किसानों ने चेतावनी दी कि खरीद शुरू नहीं हुई तो वे हाईवे जाम करने को मजबूर होंगे। मंडी सचिव व प्रशासन किसानों को समझाने का प्रयास किया।
