समाचार शगुन उत्तराखंड
रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने शहर के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक आयोजनों में पहुंचकर पूजा अर्चना की और श्रद्धालुओं के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान उन्होंने पांच मंदिर, ट्रांजिट कैंप, अग्रवाल सभा सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। आयोजकों की ओर से कई स्थानों पर ठुकराल को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। पूर्व विधायक ने मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म का जो संदेश दिया है, वह आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है। ठुकराल ने कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
