समाचार शगुन उत्तराखंड
कुमाऊं के बागेश्वर जिले के थकलाड़ ग्राम पंचायत अंतर्गत ग्वाटा तोक में बृहस्पतिवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक भारी-भरकम तेंदुआ स्थानीय निवासी मोहन सिंह रावत के मकान के स्टोर रूम में जा घुसा। लगभग 14 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद वन विभाग की टीम ने शुक्रवार सुबह तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार बीते बृहस्पतिवार की देर रात मोहन सिंह रावत की पत्नी विमला देवी अपने पालतू कुत्ते को स्टोर रूम से बाहर टॉयलेट कराने के लिए ले गई थीं। इसी दौरान मौका पाकर तेंदुआ चुपके से अंधेरे का फायदा उठाकर स्टोर रूम के भीतर दाखिल हो गया। विमला देवी को इस बात की भनक तक नहीं लगी और वह कुत्ते को वापस स्टोर में रखकर दरवाजा बाहर से बंद कर सोने चली गईं। कुछ देर बाद स्टोर रूम के भीतर से असामान्य आवाजें आने पर जब विमला देवी ने झांककर देखा, तो अंदर तेंदुआ मौजूद था। यह देखते ही उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर परिजनों और आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों का मजमा लग गया। घटना की सूचना मिलते ही देर रात करीब दो बजे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। चूंकि आसपास घना आबादी क्षेत्र था, इसलिए तेंदुए को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित बाहर निकालना वनकर्मियों के लिए बड़ी चुनौती बना रहा। रातभर ग्रामीण और वन विभाग की टीम मुस्तैद रही। आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वन विभाग की टीम ने तेंदुए का सफल रेस्क्यू कर लिया।
