ग्रामीण विकास बैंक के सहयोग से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ रहा कढ़ाई और वस्त्र अलंकरण आधारित आजीविका कार्यक्रम

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

नैनीताल जनपद में राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण आधारित आजीविका विकास कार्यक्रम का सफल संचालन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम महिला पिछड़ा वर्ग समिति, हल्द्वानी के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को उन्नत कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को पारंपरिक हस्तकला कौशल से जोड़ते हुए उन्हें स्वरोजगार एवं सूक्ष्म उद्यमिता के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को विभिन्न प्रकार की कलात्मक कढ़ाई, वस्त्र सज्जा, परिधान अलंकरण, डिज़ाइन निर्माण, उत्पाद गुणवत्ता सुधार तथा बाज़ार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम से लगभग 90 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं लाभान्वित होंगी। प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतिभागियों को उद्यम प्रबंधन, विपणन, वित्तीय साक्षरता तथा बैंक ऋण सुविधाओं के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे भविष्य में स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर सकें। नाबार्ड द्वारा इस कार्यक्रम हेतु लगभग ₹10 लाख की अनुदान सहायता प्रदान की गई है। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण के अतिरिक्त प्रदर्शन इकाइयों की स्थापना, सफल उद्यमों का अध्ययन भ्रमण, विपणन सहायता तथा उत्पादों की बिक्री हेतु उपयुक्त मंच उपलब्ध कराने जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाएं विभिन्न प्रकार के आकर्षक परिधान, दुपट्टे, सजावटी वस्त्र, गृह सज्जा सामग्री तथा अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद तैयार कर रही हैं। इन उत्पादों को स्थानीय मेलों, प्रदर्शनियों एवं अन्य विपणन मंचों के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री मुकेश बेलवाल ने बताया कि इस प्रकार के आजीविका विकास कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने, आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने तथा स्वयं सहायता समूहों को सशक्त आर्थिक इकाइयों के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नाबार्ड ग्रामीण क्षेत्रों में कौशल विकास, उद्यमिता संवर्धन तथा महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। यह कार्यक्रम जनपद नैनीताल में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार संवर्धन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रहा है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here