हल्द्वानी में पुराने नोट व सिक्के खरीदने का झांसा देकर लाखों ठगे

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

हल्द्वानी में पुराने नोट व सिक्के खरीदने का झांसा देकर स्थानीय व्यक्ति से लाखों रुपए ठग लिए गए। जानकारी के अनुसार भोटियापड़ाव स्थित सिविल लाईन निवासी हरप्रीत सिंह ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि बीती पांच सितंबर को उन्होंने फेसबुक पर पुराने नोट, सिक्के खरीदने संबंधी विज्ञापन देखा था। इस पर उसने विज्ञापन में दिए नंबर पर फोन किया और बताया कि उसके पास भी कुछ पुरानी भारतीय मुद्रा के नोट व सिक्के थे, जिसे वह बेचना चाहता है। फोन करने पर जालसाज ने उससे पुरानी मुद्रा की फोटो मांगी। देखने के बाद उसकी कीमत डेढ़ करोड़ बताई। इसके बाद जालसाज ने पीड़ित का पंजीकरण कराया और अगले दिन पंजीकरण के नाम पर 1550 रुपये ट्रांसफर कराए। इसके बाद अलग-अलग तरह के टैक्स बताकर 11 सितंबर तक 1,26,500 रुपये और उसके बाद 14 सितंबर तक कुल मिलाकर 3,35,000 रूपये ऐंठ लिए। उससे दोबारा राशि मांगी गई लेकिन तब तक ने उसकी जमाराशि खत्म हो गई। इस पर उसने अपने दोस्त से रुपए उधार मांगे तो दोस्त ने पूरी बात पूछी। जागरूक होने के चलते पीड़ित के दोस्त ने उसे समझाया और ठगी की शिकायत करने को कहा। तब पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जहां मुकदमा दर्ज हुआ। मामले की जांच कोतवाली में ट्रांसफर हुई है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *