पीएम मोदी की रुद्रपुर में तो नड्डा की पिथौरागढ़ में होगी चुनावी जनसभा, फिल्म अभिनेत्री कंगना भी आ सकती है उत्तराखंड

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन, हल्द्वानी उत्तराखंड 

उत्तराखंड में लोकसभा की पांचों सीटों पर नामांकन का चरण पूरा होने के साथ ही चुनाव प्रचार रफ्तार पकड़ने लगा है। इसके तहत दो अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रुद्रपुर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पिथौरागढ़ और विकासनगर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। पार्टी दोनों स्टार प्रचारकों की चुनाव जनसभा कराने की तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर में पीएम की जनसभा की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी ने केंद्रीय नेताओं के जो कार्यक्रम बना कर भेजे हैं, उनमें से पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे तय हो गए हैं। पीएम नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोस सीट के रुद्रपुर में जनसभा करेंगे। पीएम की रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तीन और चार अप्रैल को उत्तराखंड में चुनाव प्रचार करेंगे। इस दौरान उनकी कुछ बैठकें भी होंगी। तीन अप्रैल को वह पिथौरागढ़ में अल्मोड़ा संसदीय सीट के प्रत्याशी के समर्थन में रैली करेंगे। वहीं पता चला है कि फिल्म अभिनेत्री व हिमाचल मंडी से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत भी उत्तराखंड में चुनावी सभा को संबोधित करने आ सकती हैं। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के सीएम योगी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, हेमा मालिनी समेत तमाम नेताओं की भी अप्रैल में चुनावी जनसभा होनी हैं।‌

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *