समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नैनीताल जिले के हल्द्वानी में साइबर ठगों ने दो महिलाओं को चार लाख का चूना लगा दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ठगों की तलाश शुरू कर दी है। बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र के लाइन नंबर-18 आजादनगर निवासी महिला को बीती 15 नवंबर को दिन में मोबाइल फोन पर कॉल आया। कॉलर ने खुद को अधिकारी बताया और कहा-आपका बेटा क्या मध्य प्रदेश में पढ़ता है, उसके हां कहने पर कॉलर बोला वह कस्टडी में है और उसने जुर्म किया है। उसे छोड़ने के लिए 1.75 लाख की डिमांड की गई। इस पर रिश्तेदारों से रुपये का इंतजाम कर ट्रांसफर किए गए। वहीं नवाबी रोड निवासी महिला ने हल्द्वानी कोतवाली मे दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा कि बीती पांच नवंबर को साइबर ठगों ने उसके मुखानी स्थित बैंक के खाते से तीन बार किए गए अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिये 2.42 लाख रुपये निकाल लिए। फोन पर रुपये निकलने का मैसेज देख उसके होश उड़ गए, उसने आनन-फानन में साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई और साइबर ठगों का मोबाइल नंबर व अन्य डाटा मुहैया कराया ।। इस मामले में पुलिस ने 19 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











