समाचार शगुन उत्तराखंड
कुमाऊं के बनबसा में एसएसबी 57वीं वाहिनी की ई कंपनी के जवानों ने अपनी बीओपी (बॉर्डर आउटपोस्ट) पर चेकिंग के दौरान नेपाल से आ रही एक महिला के पास से साढ़े आठ किलोग्राम के करीब गांजा बरामद किया। जिसे आवश्यक कार्रवाई बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सौंप दिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक नेपाल से भारत आ रही एक महिला को तलाशी के लिए एसएसबी महिला जवानों ने चेकिंग के लिए रोका। उसके परस्पर विरोधी बयानों से संदेह होने पर उसके दो बैग की एक्सरे बैगेज स्क्रीनिंग मशीन से तलाशी ली गई। उसके बैग में 15 पैकेट गांजा बरामद हुआ। जिनका कुल वजन 8.39 किलोग्राम बताया गया है। पूछताछ में महिला ने अपने को मध्यप्रदेश के जबलपुर की रहने वाली बताया। उसने बताया कि वो काठमांडू से गांजा लेकर दिल्ली ले जाने वाली थी। एसएसबी 57 वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट के निर्देश पर एसएसबी जवानों ने महिला का टनकपुर के सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण करा एनसीबी देहरादून के सुपुर्द कर दिया है।











