समाचार शगुन उत्तराखंड

रुद्रपुर की सड़कों पर आखिर आम आदमी की जिंदगी इतनी सस्ती क्यों होती जा रही है? आए दिन हो रहे सड़क हादसे और भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही अब लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। काशीपुर हाईवे पर नवोदय स्कूल के सामने मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में डंपर की चपेट में आने से 40 वर्षीय प्रताप कोली की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है। जानकारी के अनुसार सुभाष कॉलोनी निवासी प्रताप कोली अपने मामा रामपाल के साथ बाइक से किसी काम से काशीपुर हाईवे की ओर जा रहे थे। दोनों रैक पर पल्लेदारी का काम करते थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक असंतुलित होकर गिर गई और प्रताप डंपर के पहिये के नीचे आ गए। इस दर्दनाक हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ मौजूद मामा रामपाल भी हादसे से स्तब्ध रह गए। मृतक की पहचान प्रताप कोली पुत्र गणेशी, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी सुभाष कॉलोनी रुद्रपुर के रूप में हुई है। मूल रूप से रामपुर जिले के केमरी क्षेत्र के रहने वाले प्रताप का परिवार पिछले करीब 30 वर्षों से रुद्रपुर में रह रहा था। परिवार की आजीविका के लिए पल्लेदारी करने वाले प्रताप की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की सूचना मिलते ही समाजसेवी संजय ठुकराल और सुशील गावा मौके पर पहुंचे। भारत सेवा टीम की एंबुलेंस की मदद से मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर पहुंचे समाजसेवी संजय ठुकराल ने शहर की यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने सवाल किया कि जब रुद्रपुर में 11 सौ करोड़ रुपये की रिंग रोड परियोजना बनाई जा रही है, तो आखिर शहर की सड़कों पर रोजाना लोगों की जान क्यों जा रही है? उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी परियोजना का क्या फायदा, जब आम आदमी सुरक्षित सड़क पर चलने तक की गारंटी नहीं पा रहा है। काशीपुर रोड की सर्विस लेन पर अतिक्रमण, भारी डंपरों की आवाजाही और बदहाल यातायात व्यवस्था लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। प्रताप कोली की मौत केवल एक परिवार की निजी त्रासदी नहीं, बल्कि शहर की सड़क सुरक्षा व्यवस्था के सामने खड़ा गंभीर सवाल है। है।











