समाचार शगुन उत्तराखंड
कुमाऊं के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला हाईवे पर फुलतड़ी के पास सेना के वाहन की चपेट में आने से आठ साल के मासूम की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने बीआरओ के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने इस दर्दनाक घटना का जिम्मेदार बीआरओ को ठहराया। उन्होंने दारमा घाटी से लौट रहे पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के काफिले को भी रोक दिया और बीआरओ के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।बीते बुधवार धारचूला हाईवे पर फुलतड़ी के पास बदहाल सड़क पर बाइक से छिटककर सेना के वाहन की चपेट में आने से कालिका के आठ साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। दूसरे दिन ग्रामीणों ने बीआरओ को घटना का जिम्मेदार बताते हुए गौरव सेनानी संगठन के अध्यक्ष भूपाल रावल के नेतृत्व में हाईवे पर प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से सड़क बदहाल है इसे ठीक नहीं किया गया। इसी बदहाल सड़क पर बाइक अनियंत्रित हुई और मासूम बच्चे को काल के गाल में समाना पड़ा। इस दौरान पर्यटन मंत्री दारमा घाटी से लौट रहे थे तो ग्रामीणों ने उनका काफिला भी रोक दिया। ग्रामीणों ने बीआरओ के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। मंत्री सतपाल महाराज ने ग्रामीणों को इस मामले में सीएम के साथ ही केंद्र में वार्ता करने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने उनके काफिले को आगे बढ़ने दिया। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सड़क का सुधारीकरण और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे चक्का जाम करेंगे।











