समाचार शगुन डेस्क उत्तराखंड
दीवाली के दिन दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र के नांगली सकरावती में रविवार शाम एक कपड़ा फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा ने दमकल की 25 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:22 बजे फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की गाड़ियों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। आग बुझाने के साथ ही दमकल कर्मियों ने आसपास के क्षेत्र में आग फैलने से रोकने के प्रयास किए। अधिकारियों के मुताबिक, आग पर काबू पाने के बाद घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा था, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की जानकारी भी आधिकारिक रूप से सामने नहीं आई थी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। यह जानकारी दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के हवाले से मीडिया में जारी की गई है।











