अभियंताओं के निलंबन से डिप्लोमा इंजीनियर्स में आक्रोश

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, पेयजल निगम की जनपद-नैनीताल की आपातकालीन बैठक मंगलवार को विश्व बैंक परियोजना इकाई के हल्द्वानी स्थित कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता विवेक चन्द्र भट्ट एवं संचालन नीरज धामी ने किया।‌ बैठक में निर्माण शाखा, भीमताल में कार्यरत सदस्यों के निलम्बन पर उपस्थित सदस्यों द्वारा कड़ा आक्रोश व्यक्त किया गया। सदस्यों द्वारा बताया गया कि ज्योलीकोट क्षेत्र में जल निगम द्वारा संचालित (एकमात्र) पेयजल योजना के श्रोत की गुणवत्ता मानकोनुरूप होने के बावजूद विभागीय अभियन्ताओं पर एकतरफा कार्यवाही किया जाना पूर्णतः अनुचित है। यह कार्यवाही धरातलीय तथ्यों को नजरअंदाज करके की गई है, जो कि विभागीय अभियन्ताओं के मनोबल को हतोत्साहित करने वाली है।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पूर्व में भी अभियन्ताओं द्वारा योजनाओं के सुचारू अनुरक्षण व संचालन हेतु आवश्यक ढ़ांचा व पर्याप्त कार्मिकों की व्यवस्था किये जाने हेतु शासन एवं प्रशासन से अनेकों बार माँग की गयी थी, किन्तु आज तिथि तक विभाग द्वारा इस पर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया और न ही संसाधन उपलब्ध कराए गए। संसाधनों की कमी के बावजूद विपरीत परिस्थितियों में काम कर रहे अभियन्ताओं को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। बैठक में वाईएस रावत, इं हेमन्त असवाल, रविन्द्र सिंह पंवार, जनपद अध्यक्ष महासंघ पुष्कर आर्या, शशिपाल सिंह, संजय कुमार, यतेन्दर लस्पाल, ललित गौड़, सुनील कबड़वाल, राजेन्द्र सिंह, नारायण सिंह चौहान, शिवराज सिंह गैड़ा, अनुज फर्त्याल, अभिषेक गुसांई, मथुरा दत्त भट्ट, दीप आदि मौजूद रहे।