नेत्रदान कर अमर हो गईं कृष्णावंती छाबड़ा, दो लोगों की जिंदगी होगी रोशन

समाचार शगुन उत्तराखंड 

नेत्रदान कर अमर हो गईं कृष्णावंती छाबड़ा, दो लोगों की जिंदगी होगी रोशन

गदरपुर। नेत्रदान के प्रति लगातार बढ़ती जागरूकता के बीच गदरपुर के वार्ड नंबर छह स्थित कुंज विहार कॉलोनी निवासी 85 वर्षीय कृष्णावंती छाबड़ा के निधन के बाद उनके परिजनों ने उनकी इच्छानुसार नेत्रदान कर समाज के सामने प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके नेत्रदान से दो जरूरतमंद लोगों के जीवन में रोशनी आने की उम्मीद है। इस पुनीत कार्य के साथ कृष्णावंती छाबड़ा की स्मृतियां भी दूसरों की आंखों के माध्यम से जीवित रहेंगी। कृष्णावंती छाबड़ा, पत्नी स्वर्गीय रोशन लाल छाबड़ा, का बीती रात आकस्मिक निधन हो गया था। दुख की इस घड़ी में उनके पुत्र सतनाम छाबड़ा, विपिन छाबड़ा एवं राकेश छाबड़ा तथा दामाद राजकुमार खुराना ने उनकी नेत्रदान की इच्छा को पूरा करने का निर्णय लिया। परिजनों ने भारत विकास परिषद रुद्रपुर शाखा के नेत्रदान सहसंयोजक संजय ठुकराल से संपर्क कर इसकी जानकारी दी। संजय ठुकराल ने तत्काल नेत्रदान टीम को अवगत कराते हुए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कराई।महाराजा अग्रसेन ग्लोबल चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन एसके मित्तल तथा सीआर मित्तल नेत्रदान केंद्र के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. एलएम उप्रेती के निर्देशन में आई टेक्नीशियन मनीष रावत ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी कीं और नेत्रदान की प्रक्रिया संपन्न कराई।नेत्रदान से प्राप्त कॉर्निया जरूरतमंद दृष्टिबाधित लोगों के जीवन में रोशनी लाने में सहायक होंगे। इस अवसर पर लोगों ने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में लोग कॉर्निया की अनुपलब्धता के कारण दृष्टिहीनता का जीवन जीने को मजबूर हैं। ऐसे में मृत्यु के बाद किया गया नेत्रदान किसी जरूरतमंद के लिए नई जिंदगी का माध्यम बन सकता है। छाबड़ा परिवार द्वारा दुख की घड़ी में लिए गए इस मानवीय निर्णय की विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने सराहना की। बताया गया कि नेत्रदान के प्रति लगातार बढ़ती जागरूकता के चलते गदरपुर ने इस क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है और उत्तराखंड में सर्वाधिक नेत्रदान करने वाले नगर के रूप में गदरपुर का नाम प्रमुखता से सामने आया है। कृष्णावंती छाबड़ा के निधन पर भारत विकास परिषद रुद्रपुर शाखा, सोचो डिफ्रेंट संस्था, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल, जय भवानी जागरण मंडल, पंजाबी सभा, जियो जिंदगी, नगर पालिका परिषद, पुरातन शिव मंदिर, पुरातन सनातन धर्म मंदिर तथा सनातन धर्म मंदिर बुध बाजार सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।इस दौरान राजकुमार खुराना, वीरेंद्र ठुकराल, गदरपुर नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुम्बर मिंटू, ध्रुव छाबड़ा, अनिल छाबड़ा, अरुण छाबड़ा, अंशु छाबड़ा, कस्तूरी छाबड़ा, हार्दिक बाटला, उदय बटला, तन्मय दर्गन, रोहित छाबड़ा, रोहित खुराना, भविष्य, पार्थ छाबड़ा, आंचल ठुकराल, शिखर छाबड़ा, राकेश बटला और पवन दर्गन सहित परिवार एवं नगर के अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने कृष्णावंती छाबड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।