समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नैनीताल जिले के रामनगर गैबुआ में कॉटेज और भिक्यासैंण में 12 नाली जमीन दिलाने के नाम पर हल्द्वानी के प्रापर्टी डीलर से धोखाधड़ी कर 1.56 करोड़ रुपए हड़प लिए। इस मामले में हल्द्वानी कोतवाली में गाजियाबाद निवासी दंपती, उनके पुत्र और नोएडा निवासी महिला पार्टनर समेत आठ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद रजिस्ट्री और बैनामे के लिए टहलाया जा रहा है। इस संबंध में प्रापर्टी डीलर जितेंद्र कुमार गुप्ता निवासी अलकनंदा कालोनी धानमिल बरेली रोड ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र सौंपा था। पीड़ित ने कहा है कि वह भूमि खरीदना चाहता था। इसी बीच वह कैलाश सती निवासी गाजियाबाद और उनकी पार्टनर सुभ्रा गुप्ता निवासी नोएडा के संपर्क में आया। बीती 31 जनवरी को कैलाश, उनकी पत्नी रेखा, पुत्र गौरव, स्वाति और रवि कुमार उसके आवास पर आए और ग्राम श्रीकोट माडाली भिक्यासैंण में 12 नाली भूमि का सौदा 90 लाख रुपये में सभी की सहमति पर हुआ। साथ ही गैबुआ स्थित कॉटेज का भी मौखिक सौदा हुआ। अब शेष धनराशि लेकर रजिस्ट्री और बैनामे के लिए कहा गया तो बहाने बनाकर टाला गया। बीती 28 अप्रैल को आरोपियों ने रजिस्ट्री न कराने की बात कहकर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस के आलाधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।



