समाचार शगुन उत्तराखंड
– नैनीताल जिले के सुप्रसिद्ध रामनगर के कोसी रेंज स्थित भंडारपानी मार्ग पर एक हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने सड़क किनारे लगाया गया सुरक्षा सूचना बोर्ड उखाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके कुछ देर बाद मौके पर हाथियों का एक झुंड भी पहुंच गया, जिससे मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम एक हाथी जंगल से निकलकर भंडारपानी मार्ग पर आ गया। इस दौरान उसने मार्ग पर लगे सुरक्षा बोर्ड को अपनी सूंड से उखाड़ दिया, जिससे बोर्ड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बोर्ड तोड़ने के बाद वहां हाथियों का झुंड भी पहुंच गया। हाथियों की मौजूदगी के चलते मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। इस दौरान लोगों ने हाथियों की गतिविधियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वहीं वन विभाग ने हाथी दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।



