समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
सरोवरनगरी नैनीताल में घूमने आए पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर सरिताताल झील में जा गिरी। हादसे के समय कार में सवार चार लोग बाल-बाल बचे। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उत्तरप्रदेश के मुरादाबाद जिले के नंबर की कार मुरादाबाद निवासी आलम और बुलंदशहर निवासी उमेर अपनी दो महिला मित्रों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। स्थानीय निवासियों के अनुसार सोमवार की शाम को कार कालाढूंगी रोड पर नैनीताल से मुरादाबाद की ओर जा रही थी। वह सरिताताल में पहुंचे ही थे कि इसी दौरान वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया और कार सड़क से नीचे खाई की ओर गिरते हुए सरिता ताल झील में जा पहुंची। हादसे के बाद कार में सवार कुछ लोग स्वयं बाहर निकल आए, जबकि दो लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन पर्यटक टैब तक जा चुके थे। मंगोली चौकी पुलिस के अनुसार कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। झील में गिरी कार को बाहर निकाल लिया है।



