रुद्रपुर में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम का जबर्दस्त विरोध

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

 

ऊधमसिंहनगर जिले में रुद्रपुर के संजय नगर खेड़ा क्षेत्र में सोमवार को स्मार्ट विद्युत मीटर लगाने पहुंची विभाग की टीम को स्थानीय निवासियों के विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध के चलते स्थिति काफी देर तक तनावपूर्ण बनी रही और हंगामे के कारण टीम को मीटर लगाने का कार्य बीच में ही रोकना पड़ा। जानकारी के अनुसार, सोमवार को विद्युत विभाग की टीम संजय नगर खेड़ा में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए पहुंची थी। जैसे ही टीम ने कुछ घरों में मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की, स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और उन्होंने काम का पुरजोर विरोध करना शुरू कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल अपने समर्थकों और तमाम कांग्रेसी नेताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। वहां पहुंचकर उन्होंने टीम का घेराव कर लिया और जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। पूर्व विधायक ने मौके पर उपस्थित टीम को खरी-खोटी सुनाते हुए काम बंद करने की चेतावनी दी। इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर आम आदमी का शोषण करने का एक जरिया हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ये मीटर इतने ही बेहतर हैं तो पहले इन्हें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के घरों पर क्यों नहीं लगाया जा रहा है? उन्होंने कहा कि गरीब बस्तियों को निशाना बनाकर जबरन ये मीटर बदले जा रहे हैं, जबकि आम जनता की लगातार शिकायतें हैं कि नए स्मार्ट मीटरों में बिल पहले की तुलना में बहुत अधिक आ रहा है। ठुकराल ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में जबरन मीटर लगाने का प्रयास किया गया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे और पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी। इस मौके पर उपस्थित कांग्रेसी नेताओं और स्थानीय लोगों ने सरकार और विद्युत विभाग के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, पार्षद सौरभ बेहड़, विकास मल्लिक, रमेन विश्वास, रंजीत तिवारी, तरुण विश्वास, सुधांशु बढ़ाई, कृष्णपद राय, आसित बाला, गोपाल गोलदार और धनंजय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here