समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नैनीताल जिले के हल्द्वानी निवासी जय दुर्गा मार्शल आर्ट एकेडमी की खिलाड़ी रिनीशा लोहनी ने देहरादून में आयोजित 13वीं वुशू स्टेट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। अब उनके नाम कर 13 स्वर्ण पदक हो गये हैं। उन्होंने अपनी उम्र से ज्यादा पदक जीतकर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन किया है। जय दुर्गा मार्शल आर्ट एकेडमी के प्रशिक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विनोद लखेरा के कुशल निर्देशन में रिनीशा द्वारा लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विगत 3 वर्षों में विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड और भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अन्य बालिकाओं के लिए बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। रिनीशा की इस उपलब्धि पर उनके प्रशिक्षक का कहना है कि रिनीशा कठिन परिश्रम करने से बिल्कुल नहीं घबराती है और हमेशा खेलने के लिए तैयार रहती हैं। रिनीशा की इस बेहतरीन उपलब्धि पर अनेक गणमान्य लोगों द्वारा अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की गई है। रिनीशा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच एवं अपने परिजनों को दिया है। रिनीशा के पिता नवीन लोहनी रोडवेज आरएम ऑफिस काठगोदाम में कार्यरत हैं। 13 वर्षीय रिनीशा शहर के एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा 8 की छात्रा है। रिनीशा स्टेट चैंम्पियन, under 14 नेशनल चैंम्पियन, साउथ एशियन चैपियन 2022 गोल्ड मैडलिस्ट सहित उत्तराखण्ड और भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए विगत 03 तीन वर्षों में कुल 13 स्वर्ण, 04 रजत, एवं 03 कांस्य पदक जीत चुकी हैं।