कुमाऊं में यहां पुलिस कांस्टेबल के घर से सोने‌ के जेवरात चोरी

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 
ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि वे अब पुलिस कर्मियों के घरों में भी धावा बोलने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। चोरों ने भुड़ाई गांव निवासी पुलिस कर्मी के बंद घर का ताला तोड़कर करीब 8-10 तोले सोने के जेवरात चोरी कर लिए। घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली एवं चोरों की तलाश शुरू कर दी है। खटीमा के चकरपुर पुलिस चौकी में तैनात आरक्षी हरीश जोशी का भुड़ाई गांव में सड़क किनारे घर है। कांस्टेबल उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के आगमन पर ड्यूटी करने रुद्रपुर गया था जबकि उसकी पत्नी प्रिया अपने बच्चों के साथ दो दिन पूर्व लोहियाहेड रोड अमाऊं स्थित मायके गई हुई थी। घर में ताला लगा था। बीती बुधवार की रात चोरों ने उनके घर के मुख्य गेट का ताला तोड़ा एवं अंदर जाकर पूरे इत्मिनान से घर को खंगाल डाला।‌ सुबह पड़ोसियों ने पुलिस कर्मी के घर का गेट खुला देखा तो उन्होंने इसकी सूचना प्रिया जोशी को दी। इस पर वह आनन-फानन में घर पहुंची। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान इधर-उधर फैला था। साथ ही अलमारी में रखे करीब 8-10 तोले सोने के जेवरात चोरी कर लिए‌‌ गये थे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर झनकइया थाने एवं 112 पर तैनात पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे एवं घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाले। घटनास्थल के पास शराब की खाली बोतल व गिलास मिलने से अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों ने पहले शराब का सेवन किया होगा और उसके बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया। इधर झनकइया थानाध्यक्ष अनिल जोशी ने बताया कि अधिकांश पुलिस फोर्स उप राष्ट्रपति की वीआईपी ड्यूटी में रुद्रपुर गया है। फिलहाल मौके पर पुलिस कर्मियों को भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है।