समाचार शगुन हल्द्वानी
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में पिरान कलियर स्थित एक गेस्ट हाउस में मुजफ्फरनगर निवासी यूट्यूबर आतिफ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह का पता चल सकेगा। जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर जिले के गांव निराना निवासी आतिफ मुजफ्फरनगर में किराये के कमरे में रहता था। वह इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था। बताया जा रहा है कि वह एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था। युवती से किसी बात को लेकर उसकी नाराजगी हो गई थी। इसके बाद बुधवार रात करीब 11 बजे आतिफ कलियर पहुंचा और एक गेस्ट हाउस में कमरा किराये पर ले लिया। बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसके बाद ही आतिफ ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या की होगी।
