समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
कुमाऊं में लकड़ी लेने जंगल गए बुजुर्ग को बाघ ने बनाया निवाला, शव बरामद। अल्मोड़ा जिले के मौलेखाल में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे मोहान रेंज के तड़म (बेलम) गांव के एक बुजुर्ग को बाघ ने मार डाला। बुजुर्ग लकड़ी लेने जंगल के लिए निकले थे। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ट्रेंकुलाइजिंग गन, पिंजरा, ड्रोन आदि उपकरण सहित मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षप्त शव को कब्जे में ले लिया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तड़म (बेलम) गांव के खीम सिंह (60) रोजाना लकड़ी, घास आदि लेने जंगल जाते थे। मंगलवार को भी रोजाना की तरह वह सुबह करीब सात बजे लकड़ी लेने घर से जंगल की ओर निकले लेकिन वापस घर नहीं लौटे। ग्रामीणों ने बताया बुजुर्ग रोजाना 10 बजे तक घर वापस लौट आते थे लेकिन 11 बजे तक भी वह वापस नहीं लौटे तो पत्नी मुन्नी देवी की चिंता बढ़ गई। पत्नी ने गांव वालों को साथ लेकर खोजबीन शुरू कर दी। घर से थोड़ी ही दूरी पर एक ग्रामीण को खून के कुछ धब्बे दिखाई देने से किसी अनहोनी का शक गहराते ही खीम सिंह की गहन तलाशी शुरू कर दी गई। थोड़ी दूरी पर ही घर से करीब एक किमी दूर घने जंगल में खीम सिंह का क्षत-विक्षप्त हालत में शव बरामद हो गया। घटनास्थल पर लोगों को शव का सिर और टांगे ही मिली हैं, बाकी शरीर के बीच के हिस्से को बाघ ने बुरी तरह खाने के बाद क्षत-विक्षप्त हालत में ऐसे ही छोड़ दिया। मृतक का बड़ा बेटा गिरीश चंद्र सिंह और छोटा बेटा रमेश चंद्र सिंह है। दोनों बाहर प्राइवेट नौकरी करते हैं। घर में पत्नी, एक बहू को मिलाकर कुल तीन लोग रहते हैं।
———————–
वन विभाग के अनुसार मोहान रेंज में शव को रेस्क्यू कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिंजरा लगाने की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों को अकेले जंगल में न जाने और अंधेरे में घर से बाहर न निकलने के साथ-साथ सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



