रोडवेज कर्मचारियों ने डग्गामारी के खिलाफ खोला मोर्चा, आरटीओ से मिले, पुलिस को ज्ञापन सौंपा

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

हल्द्वानी में आरटीओ गुरुदेव सिंह से मिलते रोडवेज कर्मचारी।

रोडवेज कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने डग्गामारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसके तहत मंगलवार को आरटीओ और पुलिस को ज्ञापन सौंपा गया। रोडवेज के विभिन्न सक्रिय संगठनों ने एकजुट होकर परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। संयुक्त परिषद, रोडवेज कर्मचारी यूनियन, एम्पलाइज यूनियन, भारतीय मजदूर संघ और एससी-एसटी श्रमिक संगठन के पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने भारी संख्या में एकत्रित होकर संभागीय परिवहन अधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
प्रमुख मांगें और मुद्दे:
रोडवेज पदाधिकारियों ने प्रशासन को हल्द्वानी बस अड्डे के आसपास बढ़ रही अवैध डग्गामारी और अनियंत्रित संचालन से अवगत कराया। ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग की गई। अवैध अंतरराज्यीय बसें:नगर में अवैध रूप से संचालित ऑनलाइन अंतरराज्यीय बसों को तत्काल बंद किया जाए, जो मनमर्जी से सड़क किनारे यात्रियों को बैठाकर रोडवेज को आर्थिक क्षति पहुंचा रही हैं। टैक्सी संचालन: टैक्सियों का संचालन केवल निर्धारित ‘भोटिया पड़ाव स्टैंड’ से ही सुनिश्चित किया जाए; बस अड्डे के आसपास उनके अवैध जमावड़े पर रोक लगे। प्राइवेट वाहनों पर प्रतिबंध: बस अड्डे के ठीक सामने सड़क पर खड़े होने वाले प्राइवेट वाहनों के संचालन को पूर्णतः बंद किया जाए ताकि यातायात सुचारू रह सके।
प्रशासन का आश्वासन:
मामले की गंभीरता को देखते हुए संभागीय परिवहन अधिकारी एवं एसपी सिटी ने संगठन के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि इन अवैध गतिविधियों पर अतिशीघ्र ठोस दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
26 मार्च तक का अल्टीमेटम:
संयुक्त मोर्चा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 26 मार्च 2026 तक उनकी मांगों पर धरातल पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं दिखाई दी, तो कुमाऊं क्षेत्र के सभी संगठनों के पदाधिकारी और कर्मचारी संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय के समक्ष उग्र धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान कमल पपनै, जगदीश कांडपाल, आन सिंह जीना, मुकेश वर्मा, कौशल जोशी, राजीव भट्ट, मोहन बोरा, रमेश कपिल, जीवन आर्य, महेश दफौटी, शंकर सिंह, आनंद बिष्ट नवनीत कपिल पूरन राम जगमोहन ललित पांडे मनिंदर सिंह जीवन चंद तारा जोशी प्रमोद बरगली मोहसिन मनोज मनराल कार्तिक नवीन बिष्ट योगेश जोशी बलराम सागर रौतेला प्रकाश संभल सुमित कुमार हेमंत गढ़िया संजय संतोष नवीन, रचना बिष्ट हेम गुणवंत प्रकाश संभल मोहित कुमार आनंद बल्लभ राहुल रावत आदि सहित सैकड़ो कर्मचारी मौजूद रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here