हल्द्वानी बनभूलपूरा थाना क्षेत्र से एक और किशोरी लापता, इस युवक पर भगा ले जाने का आरोप

ख़बर शेयर करें
समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 
नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बनभूलपुरा थाना क्षेत्र से लापता हुई दो छात्राओं की बरामदगी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली ही थी कि इसी थाना क्षेत्र से एक और लड़की लापता हो गई है। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र से लापता हुई दो छात्राओं को पुलिस ने मुजफ्फरनगर से बरामद कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके ठीक बाद पुलिस को एक ओर चुनौती मिली है। छह दिन पहले लापता हुई किशोरी के मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र निवासी महिला ने बनभूलपुरा थाना पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा कि उसकी पुत्री बीती 20 जून की दोपहर तीन बजे घर से बगैर बताए कहीं चली गई। देर शाम तक नहीं लौटने पर उसकी खोजबीन की गई लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। परिजनों ने मूल मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश और हाल निवासी इंदिरानगर नूरी मस्जिद बनभूलपुरा निवासी युवक पर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसकी पुत्री अपने साथ घर में रखे 45 हजार रुपये और अन्य सामान भी साथ ले गई है। पुलिस को यह तहरीर ऐसे वक्त पर मिली है जब पिछले कई दिनों से लापता दो नाबालिग की पुलिस बमुश्किल बरामदगी कर पाई थी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में एक के बाद एक बच्चियों के लापता होने से स्थानीय लोगों में गुस्सा है। हालांकि पुलिस जल्द किशोरी को खोजने का दावा कर रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *