मुखानी में जिम के बाहर नाबालिग को पीटा, हमलावर इस आरोपी समेत 20 पर मुकदमा

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

नैनीताल जिले के हल्द्वानी मुखानी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक और उसके साथियों पर नाबालिग को घेरकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बेटे की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक अविनाश कुमार मौर्य को सौंपी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, साई इनक्लेव फेज-2, हल्द्वानी निवासी नंदन सिंह बिष्ट का करीब 17 वर्षीय बेटा कार्तिक बिष्ट 14 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब तीन बजे मुखानी में जिम के बाहर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान पूर्णपुर कमलुवागांजा निवासी लक्ष्य नैनवाल अपने साथी और करीब 15-20 अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इन लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उनके बेटे को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। पीड़ित पिता के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने पर वह और उनकी पत्नी मौके पर पहुंचे। इसके बाद 112 नंबर पर सूचना दी गई। घायल बेटे को प्राथमिक उपचार के लिए हल्द्वानी के एसटीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि लक्ष्य नैनीवाल पहले भी उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दे चुका है। इससे परिवार को बेटे के साथ किसी गंभीर घटना की आशंका सता रही है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। दस्तावेज के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को मामले में कार्रवाई दर्ज की गई और जांच उपनिरीक्षक अविनाश कुमार मौर्य को सौंपी गई है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।