समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
06.02.2026 को लोक निर्माण विभाग संघ की नैनीताल जनपद स्तरीय बैठक संघ भवन हल्द्वानी में आयोजित की गई। बैठक में जनपद अध्यक्ष, नैनीताल प्रवीण आर्य एवं जनपद सचिव रमेश चन्द्र पाण्डेय उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जनपद सचिव रमेश चन्द्र पाण्डेय द्वारा किया गया।
बैठक में प्रांतीय संगठन सचिव राजेन्द्र गिरी सहित जनपद की समस्त शाखाओं के अध्यक्ष एवं सचिव तथा अन्य पदाधिकारियों/सदस्यों द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक में विशेष रूप से उपस्थित सदस्यों में विपिन पाल (खंडीय सचिव, भवाली), चंचल सिंह कोरंगा, संजय सिंह कार्की, पंकज कुमार, आर.के. जलाल एवं सुरेश कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में महासंघ द्वारा प्रस्तुत 27 सूत्रीय मांगों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी सदस्यों द्वारा उक्त मांगों के समर्थन में एकजुट रहने का निर्णय लिया गया। बैठक में नैनीताल एवं भवाली शाखा द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त शाखाओं में JE की कमी है, जिस पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्यवाही किए जाने की आवश्यकता व्यक्त की गई। बैठक में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न शाखाओं द्वारा प्रस्तुत वार्षिक आवेदन/प्रतिवेदन पर भी विस्तृत चर्चा की गई। संगठन को सशक्त बनाने एवं महासंघ के आंदोलन कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया। महासंघ की मांगों के समर्थन में चल रहे आंदोलन को सफल बनाने हेतु सभी सदस्यों द्वारा पूर्ण सहयोग एवं समर्थन देने का निर्णय लिया गया। बैठक में महासंघ के आगामी आंदोलन, जो दिनांक 10 फरवरी को प्रस्तावित है, उसके सफल संचालन हेतु रूपरेखा भी तैयार की गई तथा संबंधित दायित्वों का निर्धारण किया गया। बैठक में संगठन की एकता एवं अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया तथा भविष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सभी सदस्यों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। बैठक का समापन संगठन की मजबूती एवं सदस्यों की एकजुटता के संकल्प के साथ किया गया।



