समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सवारी छोड़ने ऊंचापुल जा रहे रैपिडो चालक को कुछ लोगों ने कालाढूंगी रोड के पास घेर लिया। आरोप है कि आरोपितों ने चालक के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। इसके बाद उसका मोबाइल और करीब दो हजार रुपये की नकदी लूट ली। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पीड़ित चालक हरीश चंद्र सिंह निवासी शिवालिक विहार काठगोदाम के अनुसार वह देर रात राइड लेकर ऊंचापुल की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसकी स्कूटी रोक दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हुई है। सूचना पर चालक हीरा नगर चौकी पहुंचा। उसने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है।
