यूपी गये सात साल के बालक का शव बरामद, कुकर्म की आशंका, हल्द्वानी में कराया पोस्टमार्टम

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बिंदुखत्ता निवासी सात वर्षीय बच्चे का उत्तर प्रदेश के मऊ में एक तालाब में शव मिला है। आरोप है कि उसके साथ कुकर्म किया गया है। परिजन बच्चे का शव लेकर लालकुआं आए और कोतवाली पहुंचे। परिजनों की मांग पर शनिवार को हल्द्वानी में शव का पोस्टमार्टम किया गया। परिजनों ने लालकुआं कोतवाली पुलिस में तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार बिंदुखत्ता निवासी युवक की पत्नी अपने सात वर्षीय इकलौते पुत्र के साथ उत्तर प्रदेश के जिला मऊ स्थित ग्राम कटिहारी (बढ़कापुरा) में भाई के शादी समारोह में शामिल होने गई थी। 27 फरवरी की दोपहर करीब 12 बजे बच्चा अचानक घर से लापता हो गया। परिजनों व रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके लगभग एक घंटे बाद घर से करीब 80 से 100 मीटर दूर स्थित तालाब में मासूम का शव तैरता हुआ मिला। घटना के बाद परिवार ने इसे डूबने से हुई मौत मान लिया और शव को लालकुआं ले आए लेकिन मामला उस समय पूरी तरह पलट गया जब शनिवार गौला नदी किनारे अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान परिजनों की नजर बच्चे के शरीर पर चोट के निशानों और प्राइवेट पार्ट से बह रहे खून पर पड़ी। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। अनहोनी की आशंका जताते हुए सूचना लालकुआं कोतवाली पुलिस को दी जहां पुलिस ने पूरे मामले में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की है। सीओ सिटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here