कंटेनर से टकराई कार, टूर एंड ट्रेवल कारोबारी की मौत

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन उत्तराखंड 

मृतक का फाइल फोटो।

कुमाऊं में एक टूर एंड ट्रेवल कारोबारी की सड़क हादसे में मौत हो गई है। बताया जा रहा है उनकी कार का अगला टायर अचानक फटने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कंटेनर से जा भिड़ा। हादसा इतना भीषण था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। घायल कारोबारी को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रुद्रपुर के वार्ड नंबर-2, आजाद नगर निवासी 35 वर्षीय मोहित शर्मा पुत्र केशव शर्मा बीती रविवार 28 जून की रात करीब 11:30 बजे रुद्रपुर से अपने घर किच्छा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने पहुंची, कार का अगला टायर अचानक फट गया। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खड़े कंटेनर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मोहित शर्मा उसमें गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस कर्मियों ने घायल मोहित को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके परिवार में पत्नी नैना शर्मा, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *