समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
हल्द्वानी के पनचक्की चौराहे से मुखानी चौराहे को जोड़ने वाली सड़क पर, अंबिका विहार जाने वाली गली के समीप रविवार 22 फरवरी को अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक घटना घटी। बुजुर्ग सुरेश पांडेय का ट्रक के नीचे आने से असामयिक निधन हो गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना का मुख्य कारण उक्त मार्ग पर (USDDA) द्वारा बनाए गए बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिनके कारण सड़क पर आवागमन अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गया है। यह घटना केवल एक परिवार की क्षति नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर परिणाम है। यदि समय रहते इन खामियों को ठीक किया गया होता, तो शायद यह अनहोनी टाली जा सकती थी।इसी विषय को लेकर एवं क्षेत्र की जनता की सुरक्षा की मांग को बुलंद करने हेतु, कल दिनांक 23 फरवरी 2026 (प्रातः 11:30 बजे) पलक बैंकेट हॉल के निकट, USDDA कार्यालय के बाहर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। सभी क्षेत्रवासियों से विनम्र अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करें एवं प्रशासन को जवाबदेह बनाने की इस आवाज़ को मजबूत करें।



