समाचार शगुन उत्तराखंड
रुद्रपुर। रास पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री श्री राधा गोविंद ज्योति कमेटी के सौजन्य से ग्राम मोहनपुर नंबर एक में भगवान श्री राधा-कृष्ण की रासलीला पूजन का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति दी गई। भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान राधा-कृष्ण के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल रहे, जबकि अध्यक्षता ग्राम प्रधान सुमित्रा सिकदार ने की। आयोजन समिति की ओर से पूर्व विधायक ठुकराल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में ऐसे आयोजनों की भूमिका पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि रास पूर्णिमा भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य रासलीला और राधा-कृष्ण के प्रेम, भक्ति एवं समर्पण का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ ही आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का महत्वपूर्ण योगदान है। नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और धार्मिक विरासत से जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित होते रहने चाहिए। उन्होंने आयोजन समिति और ग्रामीणों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में नरेश विश्वास, सदानंद सिकदार, योगेश सरकार, चंदन विश्वास सहित कमेटी के अध्यक्ष कालाचंद सिकदार, अशोक विश्वास (मधु), उपाध्यक्ष समीर सिकदार, सचिव कन्हाई चंद्र पाल, कोषाध्यक्ष मुकेश बाला, उपकोषाध्यक्ष सोनू सरकार, संपूर्ण प्रभारी शिवपद मंडल, संरक्षक परितोष हालदार, अजीत विश्वास, वरुण विश्वास, अजीत सिकदार, सुशांत सरकार, मानिक कुमार, निताई चंद पाल, वासुदेव सिकदार, कालाचंद बाला, परवीन बाला, ठाकुर अजय नारायण सिंह, अंकित बटला और केरू मंडल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।











