समाचार समाचार शगुन हल्द्वानी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन अवसर प प्रतिभाग किया।उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप जलाकर व स्वर्गीय प्रह्लाद मेहरा के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर, किया। इस मौके पर कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान, जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में स्कूल, स्टेडियम सहित जिन दो-तीन कार्यों की मांग रखी गई है, उन सभी कार्यों को कराने। बिन्दुखत्ता में कम से कम 1000 लोगों के बैठने की क्षमता वाले एक बड़े सांस्कृतिक हॉल का निर्माण कराने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद दा केवल एक लोकगायक नहीं थे, बल्कि हमारी लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन की वास्तविक तस्वीर दिखाई देती थी। उन्होंने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, वहीं ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीत में अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की पुकार है। उनके गीतों में पहाड़ की नारी का संघर्ष, युवाओं की पीड़ा और समाज को जागरूक करने वाली चेतना थी। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला जीवित रहती है। प्रहलाद दा ने यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने उनके परिवार, विशेषकर उनके सुपुत्रों और प्रशंसकों को भी साधुवाद दिया, जो उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने के साथ लोकसंस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोक यानी हमारी जनता और थात यानी हमारी विरासत, हमारी धरोहर। इस तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य हमारी लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संरक्षित करना और उन्हें पीढ़ी दर पीढ़ी आगे पहुंचाना है। उन्होंने कहा, “जो समाज अपनी थात को सहेजकर रखता है, उसकी जड़ें हमेशा मजबूत बनी रहती हैं। जैसे पेड़ जितना ऊँचा जाता है, उसकी जड़ें उतनी ही गहरी होती हैं, वैसे ही हमारी लोकसंस्कृति हमारी गहरी जड़ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की असली पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता में नहीं, बल्कि उसकी संस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं में बसती है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़े रखने के लिए ऐसे आयोजनों की बहुत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श के मार्गदर्शन में ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र पर काम कर रही है। एक ओर सड़कों का जाल, रेल लाइन और एयर कनेक्टिविटी बढ़ाई जा रही है, तो दूसरी ओर मंदिरों और सांस्कृतिक केंद्रों को संवारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ की तर्ज पर मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक एव पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ.मोहन बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्ज़ा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कौरंगा, शोएब अहमद, डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष रविंद्र रेकुनी, कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत, आईजी कुमाऊँ निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, लोक कलाकार कमल मेहरा सहित जनप्रतिनिधि, क्षेत्रीय जनता आदि उपस्थित थे।











