समाचार शगुन उत्तराखंड
आईआईटी रुड़की में 20 वर्षीय छात्र की कथित आत्महत्या के बाद संस्थान ने 70 परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। ये परीक्षाएं अब 22 नवंबर को आयोजित की जाएंगी। पहले इन परीक्षाओं की तिथि 13 नवंबर निर्धारित थी। संस्थान की ओर से शनिवार को इसकी जानकारी दी गई। परीक्षा स्थगित होने और नई तिथि के संबंध में सभी विद्यार्थियों व उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। आईआईटी रुड़की के बीएस-एमएस कार्यक्रम में गणित एवं कंप्यूटिंग विषय के द्वितीय वर्ष के छात्र आयुष राजौरिया का शव 13 नवंबर शुक्रवार को गोविंद भवन छात्रावास के दूसरे तल पर स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला था। वह मूल रूप से गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन का रहने वाला था। घटना की जानकारी मिलने पर संस्थान में हड़कंप मच गया था। अधिकारियों के अनुसार, छात्र के कमरे से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने अवसाद से जूझने और जीवन को लेकर परेशान होने की बात लिखी थी। नोट में उसने परिजनों से उसके जाने के बाद आंसू बहाने के बजाय उसके पसंदीदा पांच हॉलीवुड गाने सुनने की बात भी कही थी।











