समाचार शगुन उत्तराखंड
रामनगर। भारत के महान पक्षी वैज्ञानिक डॉ. सलीम अली की जयंती के अवसर पर वाइल्डलाइफ आर्ट गैलरी ट्रस्ट, रिंगोड़ा एवं रामनगर वन प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय बर्ड फेस्टिवल 2026 का गुरुवार को उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। पहले दिन लगभग 30–35 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। सुबह नगरवन में आयोजित बर्ड वॉचिंग सत्र में वरिष्ठ प्रकृतिविद् संजय चिमवाल, हरिशंकर देव, रवि बिष्ट, महेंद्र पवार एवं दीप मलिकानी के निर्देशन में बच्चों ने विभिन्न पक्षियों का अवलोकन किया। उन्हें पक्षियों की पहचान, उनके व्यवहार और बर्ड चेकलिस्ट तैयार करने की जानकारी दी गई। इस दौरान कोसी रेंज के रेंजर कृष्ण सिंह मेहरा ने भी बच्चों को पक्षी अवलोकन के महत्व के साथ मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव और वन्यजीवों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार की जानकारी दी। इसके बाद वाइल्डलाइफ आर्ट गैलरी में प्रशांत कुमार ने विद्यार्थियों को पारिस्थितिकी तंत्र में पक्षियों की उपयोगिता, पर्यावरण संतुलन और उनके संरक्षण के महत्व के बारे में बताया। दिन का अंतिम सत्र राजकीय इंटर कॉलेज ढेला में आयोजित हुआ, जहां हरिशंकर देव ने पक्षियों पर विशेष प्रस्तुति दी। उन्होंने बच्चों को पक्षी संरक्षण में उनकी भूमिका, जिम्मेदार नागरिक बनने तथा बर्ड वॉचिंग को रोजगार के अवसर के रूप में अपनाने की संभावनाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक नबेंदु मठपाल, रवि बिष्ट सहित कोसी रेंज के रेंजर कृष्ण सिंह मेहरा के नेतृत्व में रेंज का समस्त स्टाफ तथा वाइल्डलाइफ आर्ट गैलरी के सभी स्वयंसेवी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में पक्षियों, प्रकृति और जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें संरक्षण की गतिविधियों से जोड़ना है।











